Giridih : पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट से झारखंड के डुमरी को जोड़ने वाली नेशनल हाईवे 114A के किनारे एक बार फिर भू-धंसान हुआ है। यह घटना बिट्टा गढ़ा और गिरिडीह स्टेडियम के बीच हुई। यहां अचानक एक बड़ा गोफ (गड्ढा) बन गया। यह स्थान सीसीएल गिरिडीह डीएवी पब्लिक स्कूल के ठीक बगल में है और मुफ्फसिल थाना से महज आधा किलोमीटर दूर है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीसीएल गिरिडीह के परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा के निर्देश पर गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया गया। इसे पत्थर डालकर भरा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले डेढ़ दशक से इस इलाके में हर साल भू-धंसान हो रहा है। बीते साल भी यहीं सड़क धंस गई थी। लोगों का आरोप है कि नेशनल हाईवे विभाग इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इस इलाके की जमीन अंदर से खोखली हो चुकी है। लंबे समय तक यहां अवैध रूप से कोयला खनन होता रहा है। चोरों ने गुपचुप तरीके से कोयला निकाला, जिससे जमीन कमजोर हो गई और हर साल बरसात में गोफ बन जाता है।
Also Read : श्रावणी मेला 2025 : जानिए मेले में क्या है महंगा और क्या सस्ता