Latehar : झुंड से भटका एक जंगली हाथी शनिवार को लातेहार के भीड़-भाड़ वाले इलाके में पहुंच गया और लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया। हाथी बारेसांड थाना मुख्यालय तक पहुंचा और कुछ घरों को क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद हाथी ने लातेहार से महुआड़ांड़ जा रही एक यात्री बस पर कब्जा कर लिया और बस में रखा खाने-पीने का सामान खा गया। कुछ यात्रियों का छठ का प्रसाद भी हाथी ने खा लिया। वन विभाग की टीम ने लगभग 3 घंटे की कोशिश के बाद हाथी को पटाखे जलाकर जंगल की ओर भगा दिया।
हाथी भूख और झुंड से भटका
रेंजर नंदकुमार महतो ने बताया कि हाथी भूखा है और खाने की तलाश में लगातार भटक रहा है। स्थानीय लोग हाथी को परेशान कर रहे हैं, जिससे वह उग्र हो गया है। वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है कि हाथी को सुरक्षित जंगल में पहुँचाया जाए, जहाँ उसे पर्याप्त खाना और सुरक्षित आवास मिलेगा।
![]()
भीड़ ने बढ़ाई मुश्किल
वन विभाग के अनुसार हाथी के आसपास जमा भीड़ राहत कार्य में बाधा डाल रही है। पुलिस की मदद से भीड़ को हटाकर हाथी को सुरक्षित जंगल में पहुँचाने की कोशिश की जा रही है। यह हाथी पिछले कुछ दिनों से लातेहार और महुआड़ांड़ के आसपास भटक रहा है। दो दिन पहले भी यह हाथी अनुमंडल मुख्यालय में पहुँच गया था और पांच घंटे तक हड़कंप मचाया था।

Also Read : लोहरदगा में 3 नवंबर से शुरू होगा फुटबॉल टूर्नामेंट

