Ranchi : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग रांची के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में आज से बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जो 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी और मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
विभाग ने किसानों और आम जनता को सलाह दी है कि वे फसल कटाई और परिवहन कार्यों में सावधानी बरतें, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव होने के आसार हैं।

28 से 31 अक्टूबर के बीच दक्षिणी और मध्य झारखंड के हिस्सों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 30 से 31 अक्टूबर को कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
रांची, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, कोडरमा, चतरा और पलामू जिलों में मध्यम बारिश, जबकि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह परिवर्तन बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं के कारण हो रहा है।
वहीं, 1 नवंबर से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। बारिश रुकने के बाद सुबह और देर रात ठंड और कोहरे का असर बढ़ेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे राज्य में ठंड का मौसम दस्तक देगा। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतें और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
Also Read : गिरिडीह में छठ महापर्व का समापन, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

