Seraikela-Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ऑटो प्रोफाइल यूनिट-3 में शुक्रवार को हंगामा मच गया। एक मजदूर की मौत के बाद उसके परिजन और अन्य कर्मचारी शव के साथ कंपनी गेट पर धरने पर बैठ गए। अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
मृतक मजदूर शांतनु बेहरा मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे। वे यहां किराए के मकान में परिवार के साथ रहते थे। आरोप है कि मंगलवार को ड्यूटी खत्म कर लौटते समय सड़क हादसे में वे घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल में करीब ढाई से 3 लाख रुपये का खर्च हुआ, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने कोई मदद नहीं की।
परिजनों का कहना है कि कंपनी को मजदूर की सुरक्षा और मुआवजे का इंतजाम करना चाहिए था। फिलहाल शव के साथ परिजन और अन्य मजदूर गेट पर डटे हुए हैं। कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच शुरू हो गई है। श्रमिक संगठनों ने भी हस्तक्षेप की मांग की है।

Also Raed : तेज रफ्तार कार ने बाइक और साइकिल सवार को मारी टक्कर , दो गंभीर रूप से घायल