Hazaribagh : हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त रूपलाल करमाली (35 वर्ष) के तौर पर की गई है। घटना रात लगभग 12 बजे बुंडू पंचायत के बुंडू गांव, बघुताबर से सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधी छत के सहारे घर में घुसे और रूपलाल करमाली पर पांच गोलियां चलाईं। गोली लगते ही रूपलाल की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य जाग गए और शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रूपलाल करमाली बुंडू गांव में होने वाले मंडा पूजा में भगत पुजारी का काम करते थे। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
केरेडारी थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Also Read : बेतिया–गोरखपुर के बीच सड़क व पुल परियोजना को मिली वित्तीय मंजूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण

