Ranchi : रातू रोड स्थित स्व. किशोरी सिंह यादव चौक पर श्री महावीर मंडल, रांची के संस्थापक और प्रसिद्ध समाजसेवी स्व. किशोरी सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण रविवार को किया गया। इस अवसर पर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इसका अनावरण किया।
शमशेर आलम ने दी श्रद्धांजलि
शमशेर आलम ने अपने संबोधन में स्व. किशोरी सिंह यादव को महान समाजसेवी बताते हुए कहा, “जब भी रांची में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश की गई, किशोरी सिंह यादव ने ढाल बनकर शहर को बचाया। उन्होंने पिछड़े समाज के उत्थान और विकास के लिए कई आंदोलन चलाए और बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।”
जय सिंह यादव ने साझा की पिता की जीवनी
स्व. किशोरी सिंह यादव के सुपुत्र और श्री महावीर मंडल, रांची के अध्यक्ष जय सिंह यादव ने अपने पिता के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए उनके समाजसेवा और समर्पण को याद किया।

मौके पर मौजूद लोग
इस अवसर पर न्यूरो चिकित्सक डॉ. संजय कुमार, सुनील यादव, संजय पोद्दार, अजय वर्मा, अशोक यादव, राजू यादव, कमलेश यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। यह आयोजन स्व. किशोरी सिंह यादव की समाजसेवा और उनके योगदान को सम्मान देने का एक भावपूर्ण अवसर रहा।
Also Read : अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, बड़ी मात्रा में नकली विदेशी शराब बरामद