Ranchi : रांची के राजभवन में शनिवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दिल्ली, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उनके स्थापना दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश दक्षिण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता और संसाधनों के लिए प्रसिद्ध है, हरियाणा ने कृषि और खेलों में देश का गौरव बढ़ाया है, कर्नाटक तकनीकी और नवाचार में आगे है, और केरल उच्च साक्षरता और प्रगतिशील समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने मध्य प्रदेश की प्राचीन सभ्यता और प्राकृतिक सौंदर्य, पंजाब की वीरता और कृषि समृद्धि, तथा तमिलनाडु की शास्त्रीय कला, साहित्य और द्रविड़ संस्कृति की धरोहर की भी प्रशंसा की।
राज्यपाल ने बताया कि 31 अक्टूबर को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने का ऐतिहासिक निर्णय इन दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के नागरिकों को समान अधिकार और अवसर सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख किया, जिसे भारत की वैश्विक स्तर पर मानवीय संवेदनाओं और त्वरित कार्रवाई में अग्रणी भूमिका के रूप में देखा जाता है।

Also Read : पोल से बिजली तार चुराने वाले गिरोह का खुलासा, 6 गिरफ्तार

