Ranchi : प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी वरिष्ठ नागरिक उद्यान एचईसी सेक्टर-2, धुर्वा में जयन्ती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर राजीव गांधी की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विशिष्ट अतिथि के रुप में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, विधायक सोनाराम सिंकू, पार्टी के प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता, ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संजीत यादव, अभिलाष साहू, परवेज आलम, मेंहुल दूबे, शशि भूषण राय ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। श्रद्धांजलि सभा मुख्य अतिथि के रूप में केशव महतो कमलेश ने कहा कि पंडित नेहरू ने जिस समाजवादी समाज की कल्पना की थी उसे साकार करने की आवश्यकता है।
राजीव गांधी आज भी हैं प्रासंगिक
केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस और पंडित नेहरू का स्वप्न था कि संसाधनों के दोहन और धन के संचय के साथ-साथ उसके सही वितरण पर भी ध्यान देना जरूरी है। इस बात पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है कि समाज के अंतिम व्यक्ति दैनिक भोगी मजदूर, सीमांत कृषक, दलितों तक वितरण हो। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाले समय में भी प्रासंगिक रहेंगे। वे विज्ञान और बदलाव के हमेशा से समर्थक रहे थे। दूर संचार क्रांति, आर्थिक नीतियां, नई आर्थिक नीतियां, शिक्षा के क्षेत्र में जवाहर नवोदय विद्यालय को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। राजीव गांधी हमेशा बदलाव के समर्थक रहे।
इस अवसर पर आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजीव गांधी विज्ञान और भविष्य की सोच लिए वैज्ञानिक सोच रखने वाले राष्ट्रीय नेता थे और देश और समाज को बदलाव और नवीनता के लिए कदम से कदम मिलाकर देश क लोगों को चलना सिखाया।
मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने पंचायती राज्य व्यवस्था में महिलाओं के लिए आधी सीटें आरक्षित कर देश में बदलाव की मशाल जलाई। युवाओं को सूचना तकनीक के माध्यम से दुनिया को नेतृत्व प्रदान करने की शक्ति दी।
वहीं महासचिव डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा मतदान की आयु सीमा 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर छात्रों को लोकतंत्र में सीधी भागीदारी सुनिश्चित कर ऐतिहासिक निर्णय लिया। पांच वर्ष के छोटे से प्रधानमंत्रित्व काल में राजीव गांधी का योगदान देश के लिए अविस्मरणीय है। महिलाओं की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित कर मील का पत्थर साबित कर दिया।
Also Read : CM हेमंत सोरेन ने जमशेदपुर में दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को दी श्रद्धांजलि, परिवार को बंधाया ढांढस