
Jamtara : जामताड़ा में गुरुवार को सामाजिक कार्य के सिलसिले में पहुंचे झारखंड के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी अब सबके सामने उजागर हो चुकी है। केंद्र में जो सरकार बैठी है, वह भी वोट चोरी के जरिए ही बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, हरियाणा में भी इसी तरह से चुनावों में धांधली कर सरकार बनाई गई थी और अब बिहार में भी वही साजिश चल रही है।
पूर्व मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी इस सरकार ने राज्य को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि “आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक झारखंड सरकार की चर्चा हो रही है।” उन्होंने सरकार द्वारा कृषि, व्यापार, उद्योग, खेल, सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों को सराहनीय बताया।
विधायक सत्येंद्र तिवारी को लेकर पूछे गए सवाल पर मिथिलेश ठाकुर ने कहा, “जैसा करेंगे, वैसा भरना पड़ेगा। सत्येंद्र तिवारी ने विधायक रहते कई घोटाले किए हैं, जो अब जनता के सामने आ चुके हैं। उन्होंने विधायक निधि का दुरुपयोग किया, लोगों को धोखा दिया और अलकतरा घोटाला भी किया। अब उन पर आरोप तय होने का समय आ गया है।”
पूर्व मंत्री ने बताया कि उनके पीए मनोज झा के बहनोई का आकस्मिक निधन हो गया, और उसी सिलसिले में वह जामताड़ा आए हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद सर्किट हाउस में उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के जिला एवं नगर कमेटी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता देकर पूर्व मंत्री का स्वागत किया। चमेली देवी, रवींद्रनाथ दुबे, परेश चंद्र महतो, अशोक मंडल, आनंद टुडू, असित मंडल, प्रो. कैलाश प्रसाद साव, प्रदीप मंडल, सागीर खान, साकेस सिंह, किशोर रवानी, इम्तियाज अंसारी, डॉ. अब्दुल मन्नान अंसारी, बंटू आइजेक, लालू अंसारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Also Read : बड़ा खुलासा : संदिग्ध आतंकी अशहर ने साल 2024 में बोकारो से खरीदा था 5 किलो पोटैशियम नाइट्रेट