Ranchi : अमन साहू गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह को अब रामगढ़ जेल से जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया जाएगा। जेल प्रशासन ने उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। बताया गया कि रामगढ़ जेल में उसे रखना जोखिम भरा है, क्योंकि उसके गैंग के सक्रिय सदस्य बाहर भी अपराध की साजिश रच सकते हैं। इसी कारण जेल प्रशासन ने उसे अति सुरक्षित जेल में स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।
जेल आईजी ने दी मंजूरी
जेल प्रशासन की सिफारिश पर जेल आईजी ने तत्काल प्रभाव से मयंक सिंह को घाघीडीह सेंट्रल जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया है। अब उसकी निगरानी उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विदेश से प्रत्यर्पित झारखंड का पहला अपराधी
मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। वह झारखंड का पहला अपराधी है जिसे विदेश से पकड़कर लाया गया। प्रत्यर्पण के बाद उसे रामगढ़ जेल में रखा गया था, जहाँ से अब उसे शिफ्ट किया जा रहा है।

कई जबरन वसूली के मामले दर्ज
सुनील मीणा पर हजारीबाग जिले के बड़कागांव और उरीमारी थाना क्षेत्रों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बड़कागांव थाना कांड संख्या 198/21, 252/21, 256/21, 287/23, 208/23, उरीमारी ओपी कांड संख्या 196/21 और डाड़ीकला ओपी कांड संख्या 182/23 शामिल हैं। इन सभी में भारतीय दंड संहिता की धारा 385 और 387 के तहत जबरन वसूली के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस इन मामलों की आगे की जांच में जुटी है।
Also Read : पत्थर लदा हाइवा पलटा, घर में सो रहे शख्स की दबकर मौ’त, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम