Ranchi : लंबे समय से लंबित पड़ी सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो गई है। झारखंड में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति पर राज्यपाल ने अपनी मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य सूचना आयोग में खाली पड़े पदों को भरने का रास्ता साफ हो गया है। नवनियुक्त सूचना आयुक्तों में वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिव पूजन पाठक शामिल हैं। इन नियुक्तियों को लेकर पिछले कई महीनों से चर्चा चल रही थी।सूचना आयुक्तों के कई पद लंबे समय से खाली पड़े थे, जिससे सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े मामलों के निपटारे पर भी असर पड़ रहा था। अब चार नए आयुक्तों की नियुक्ति के बाद आयोग के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकारी सूत्रों का मानना है कि इन नियुक्तियों से लंबित मामलों के निष्पादन में मदद मिलेगी और आम लोगों को सूचना का अधिकार कानून के तहत राहत मिलेगी।

