Dhanbad : धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शुक्रवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे में एक युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने हरिणा हीरक चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी हाइवा चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
गुरुवार रात हुआ था भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआटांड़-हरिणा हीरक सड़क मार्ग पर गुरुवार देर रात हुई। खोनाठी बस्ती निवासी विनोद महतो के पुत्र सौरभ कुमार अपने एक साथी के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए धनबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद फरार हो गया चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार सुबह लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
सीसीटीवी फुटेज से हाइवा की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार के नेतृत्व में पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दुर्घटना में शामिल हाइवा की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध हाइवा मुराईडीह वर्कशॉप के पास लावारिस हालत में खड़ा मिला। सीसीटीवी फुटेज से मिलान के बाद पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है। अब पुलिस फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मृतक के परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं होती और उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा : 3 थाना प्रभारी समेत चार की गई जान

