Ranchi : सिमडेगा जिले की 30 वर्षीय अरुणिमा बा का शुक्रवार सुबह रांची के रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्होंने 23 नवंबर को ऑपरेशन के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद से ही उनकी हालत गंभीर बनी रही।
अरुणिमा रेंगारिह थाना क्षेत्र के पाईकपारा डेल्याटोली की निवासी थीं और अपने पति गुलशन बा के साथ ठेठईटांगर के ताराबोगा गिरजाटोली में रहती थीं। उनके तीन बेटों में से दो नवजातों की स्थिति नाजुक है। दोनों को रांची के कटहल मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
डॉक्टरों का कहना है कि प्रसव के बाद किडनी और अन्य अंगों में गंभीर संक्रमण फैल गया था, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उनकी मृत्यु हो गई।
आर्थिक परेशानी बढ़ी
परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है। अरुणिमा का नाम राशन कार्ड में नहीं होने से सरकारी सहायता भी नहीं मिल पा रही है। पति गुलशन बा पत्नी के शव को रांची से गांव ले जाने के लिए एंबुलेंस का इंतजाम करने और नवजातों के इलाज के लिए मदद जुटाने में संघर्ष कर रहे हैं।
परिवार ने की मदद की अपील
इस दुख की घड़ी में परिवार ने प्रशासन, समाजसेवियों और दानदाताओं से सहायता की गुहार लगाई है, ताकि शव को सम्मानपूर्वक घर ले जाया जा सके और नवजातों का इलाज जारी रह सके। उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार से संपर्क किया जा रहा है और हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
Also Read : पद्मभूषण कड़िया मुंडा को सांस लेने में दिक्कत, रांची के ऑर्किड अस्पताल में भर्ती


