जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक महिला ने अपनी ही छोटी बहन और बहनोई पर गोद ली हुई बच्ची को जबरन छीनने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार हंगामा किया। पिंकी देवी अपने पति बालकृष्ण के साथ रोते हुए प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाती नजर आईं।
पिंकी देवी ने बताया कि साल 2019 में उन्होंने अपनी छोटी बहन रश्मी सिंह से उसकी दो महीने की बेटी सान्वी को गोद लिया था। तब से बच्ची उनके पास ही थी और उन्होंने ही उसे पाला-पोसा। पिंकी का आरोप है कि हाल ही में रश्मी और उसके पति संजीत कुमार ने उनसे कार खरीदने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया तो धमकियां मिलने लगीं और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
उनका कहना है कि रश्मी ने कदमा थाना में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बच्ची को जबरन रखने का आरोप लगाया गया। इसके बाद प्रशासन ने बच्ची को रुपनगर स्थित एक आश्रम में भेज दिया। इससे पिंकी और उनका पति बेहद आहत और मानसिक रूप से परेशान हैं।
पिंकी देवी ने कहा कि सान्वी का जन्म होने पर उसके पिता संजीत बेटी के जन्म से नाराज थे और रश्मी के साथ मारपीट करते थे। इसी वजह से उन्होंने बच्ची को अपनी बहन को दे दिया था। अब परिवार में पैसे के विवाद ने रिश्ते में कड़वाहट और इस गंभीर संघर्ष को जन्म दे दिया है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बच्ची को उन्हें वापस सौंपा जाए और उनकी बहन और बहनोई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच की बात कही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे की कार्रवाई तय होगी।