Palamu : पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत उताकी गांव के रहने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जयशंकर ठाकुर (52) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। वह रोज की तरह सुबह साढ़े छह बजे खेत गए थे, लेकिन चार घंटे तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनके बेटों ने खोजबीन शुरू की।
कुछ ही दूरी पर, गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक खेत में उनका शव मिला। शव पर जलने के निशान थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जयशंकर ठाकुर की हत्या कर शव को एसिड से जलाया गया है।
सूचना मिलते ही पाटन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की, हालांकि डॉग स्क्वायड किसी स्पष्ट सुराग तक नहीं पहुंच सका। थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला वज्रपात से मौत का लग रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण स्पष्ट होगा।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय मौसम बिल्कुल साफ था और वज्रपात की कोई घटना नहीं हुई। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें से एक बाहर रहता है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Also Read : नवरात्रि के पहले दिन माता वैष्णो देवी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, मंदिर को फूलों से सजाया गया