Ranchi : रांची नगर निगम के सफाईकर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन द्वारा आगामी 25 सितम्बर को आहूत हड़ताल बुधवार को त्रिपक्षीय वार्ता के बाद स्थगित कर दी गयी। यह जानकारी यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने दी।
भवन सिंह ने बताया कि कर्मियों की विभन्न समस्याओं को लेकर आज रांची नगर निगम के उप श्रमायुक्त की मौजूदगी में यूनियन और निगम के पदाधिकारियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें अधिकारियों ने मजदूरों की कई मांगे मान ली। मांगों में चार त्योहारों में चार राष्ट्रीय अवकाश देने, आठ दिनों का अवकाश देने, अकुशल से कुशल श्रेणी में प्रोन्नत करने, नौकरी से निकाले गए कर्मियों की पुनः बहाल करने, मृतकों के आश्रितों को नौकरी देने, ए टू जेड कंपनी का दिसंबर 2013 का वेतन भुगतान करने, एक अप्रैल 2025 से वेतन वृद्धि के एरियर का भुगतान तीन किस्तों में करने और पहचान पत्र निर्गत करना शामिल था।
भवन सिंह ने बताया कि बोनस और अन्य अवकाशों तथा स्थायीकरण के बारे में अगले दौर की वार्ता में निर्णय लिया जाएगा, अब 25 सितम्बर को हटिया मजदूर यूनियन के कार्यालय में सफाईकर्मियों की बैठक तीन बजे से रखी गई है, जिसमें इस वार्ता के फैसलों की जानकारी दी जाएगी।
त्रिपक्षीय वार्ता में मुख्य रूप से रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, उपप्रशासक गौतम प्रसाद और रविन्द्र कुमार, सहायक प्रशासक दिलीप कुमार और चंद्रदीप कुमार, सहायक श्रमायुक्त, रांची अविनाश कृष्ण और यूनियन की ओर से यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह, महासचिव प्रकाश टोप्पो, सचिव सुखनाथ लोहरा, सहायक सचिव सुजीता देवी और संरक्षक अमल आजाद शामिल थे।

Also Read : रांची में खुलेगा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सीएम हेमंत ने अधिकारियों को दिये ठोस कदम उठाने के निर्देश