
Ranchi : झारखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। साथ ही बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 21 और 22 सितंबर को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
लगातार बारिश के कारण पलामू की नदियां उफान पर हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।
पिछले 24 घंटों में रामगढ़ में सबसे ज्यादा 26.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में और सबसे कम 21 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया।
19% अधिक बारिश दर्ज
1 जून से 18 सितंबर तक झारखंड में औसतन 1123.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 19% अधिक है। सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम में 1581.9 मिमी (57% अधिक) दर्ज की गई। रांची में 1421.9 मिमी (47% अधिक), सरायकेला-खरसावां में 1403.7 मिमी (50% अधिक) और धनबाद में 1303.5 मिमी (33% अधिक) बारिश हुई। हालांकि, पाकुड़ में 801.8 मिमी (25% कम), गोड्डा में 748.2 मिमी (9% कम) और देवघर में 776.1 मिमी (13% कम) बारिश दर्ज की गई।