Ranchi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचेंगी। अपने दौरे के पहले दिन वे देवघर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और रात को रांची के राजभवन में विश्राम करेंगी।
पहले दिन का कार्यक्रम
राष्ट्रपति दोपहर 12:20 बजे कोलकाता से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से सड़क मार्ग द्वारा दोपहर 1 बजे एम्स पहुंचेंगी। दीक्षांत समारोह की शुरुआत 3:10 बजे होगी, जहां वे चार गोल्ड मेडलिस्ट और पांच मेरिटोरियस छात्रों को सम्मानित करेंगी। इसके बाद वे छात्रों को संबोधित करेंगी। समारोह के समापन के बाद शाम 4:30 बजे वे रांची के लिए रवाना होंगी और 5:25 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनकी अगवानी करेंगे। राष्ट्रपति 5:55 बजे राजभवन पहुंचेंगी, जहां वे वरिष्ठ नेताओं, उच्च अधिकारियों और न्यायविदों से मुलाकात करेंगी।
दूसरे दिन धनबाद में कार्यक्रम
1 अगस्त को राष्ट्रपति सुबह 9:30 बजे रांची से दुर्गापुर के लिए रवाना होंगी और 11:40 बजे धनबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से दोपहर 12 बजे वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस दौरान वे 20 गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को सम्मानित करेंगी। समारोह के बाद दोपहर 3:20 बजे वे दुर्गापुर होते हुए दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रांची, देवघर और धनबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट से हिनू चौक, अरगोड़ा चौक और राजभवन तक 200 मीटर के दायरे को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। इस क्षेत्र में ड्रोन और पैराग्लाइडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
Also Read : झारखंड कैडर के IPS संपत मीणा और एमएस भाटिया केंद्र में डीजी रैंक में इंपैनल

