Jamtara (Rajiv Jha) : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव के पास सुनसान इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
एसपी शंभु कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी तेतुलबंधा गांव के समीप पलाश और पुटूश की झाड़ियों में बैठकर लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर अपराध थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की और तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी धरूवाडीह गांव के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के धरूवाडीह गांव निवासी 28 वर्षीय महेन्द्र कुमार मंडल, 26 वर्षीय टिंकु कुमार मंडल और 24 वर्षीय विकास कुमार मंडल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए।
ऐसे लोगों को बनाते थे शिकार
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहकों को फोन कर उनके क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देते थे। इसके अलावा गूगल पर विभिन्न बैंकों और कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। जब कोई व्यक्ति मदद के लिए इन नंबरों पर संपर्क करता था, तब आरोपी उसे एक एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते थे। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल का नियंत्रण अपराधियों के पास पहुंच जाता था और वे क्रेडिट कार्ड तथा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे।
पहले भी साइबर अपराध में शामिल रहा है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र कुमार मंडल का साइबर अपराध से पुराना संबंध रहा है। वह इससे पहले भी साइबर अपराध थाना कांड संख्या 62/21 में आरोपित रह चुका है और उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।
वर्ष 2026 में अब तक 75 साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि जनवरी 2026 से अब तक जिले में कुल 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल, इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, अमृत कुमार राम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read : धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि


