Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा के धरमपुर गांव में युवक की भोरे-भोर गोली मारकर हत्या ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। यह कोई सामान्य आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल है। जिस तरह सुबह-सुबह बेखौफ अपराधियों ने चौक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक की जान ले ली, उसने जामताड़ा पुलिस की गश्त, खुफिया तंत्र और अपराध नियंत्रण के दावों की पोल खोल दी है।
धरमपुर में हत्या, पुलिस को खुली चुनौती
धरमपुर गांव में फुरकान अंसारी की हत्या उस वक्त हुई, जब वह रोज़ की तरह नाश्ता करने चौक पर पहुंचा था। अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने आते ही गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का दर्द, जनता का गुस्सा
फुरकान अंसारी पेशे से ड्राइवर था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं अस्पताल और इलाके में जुटी भीड़ ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों का साफ कहना है कि अगर समय रहते गश्त और निगरानी होती, तो शायद यह वारदात टाली जा सकती थी।
लगातार घटनाएं, लेकिन पुलिस बेखबर
यह कोई पहली घटना नहीं है। जिले में पिछले कुछ दिनों से अफवाहों और आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। कभी बच्चा चोर के शक में बेगुनाहों की पिटाई, तो कभी दिनदहाड़े चोरी और अब सरेआम हत्या। इसके बावजूद जामताड़ा पुलिस हालात को काबू में करने में नाकाम दिख रही है। न तो अपराधियों में पुलिस का खौफ है और न ही आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा।
बच्चा चोर के शक में जमकर पिटाई
जामताड़ा के करमाटांड़ स्थित मुस्लिम बस्ती में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम लाडल शेख बताया है। इसी तरह हजारीबाग और रामगढ़ में भी अफवाह के आधार पर एक महिला समेत कई लोगों की भीड़ ने पिटाई कर दी। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें।
दिनदहाड़े चोरी की वारदात
इधर जामताड़ा में दिनदहाड़े चोरी की घटना ने भी लोगों को चिंता में डाल दिया। बताया जा रहा है कि शादी के लिए घर में रखी नकदी और जेवरात चोर उड़ा ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में मायूसी का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस हत्याकांड की तफ्तीश में जुट चुकी है।


