Ranchi : झारखंड में मानसून पूरे जोरों पर है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश और वज्रपात से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
24 से 28 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 24 जुलाई से झारखंड में भारी बारिश की शुरुआत होगी जो 28 जुलाई तक जारी रहेगी। खासकर दक्षिण-पूर्वी जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि पूर्वी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट लागू है।
वज्रपात से 11 लोगों की मौत, 6 घायल
पिछले 24 घंटे में झारखंड में वज्रपात के कारण 11 लोगों की जान चली गई और 6 लोग घायल हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
सबसे ज्यादा बारिश सिमडेगा में
मंगलवार को सिमडेगा के कोलेबिरा में सबसे ज्यादा 39 मिमी बारिश हुई। लातेहार में 32 मिमी, मेदिनीनगर में 9.3 मिमी, बोकारो में 3 मिमी, जमशेदपुर में 2.7 मिमी और रांची में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।
अब तक सामान्य से 55% ज्यादा बारिश
1 जून से 22 जुलाई 2025 तक झारखंड में 644.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य बारिश इस दौरान 414.9 मिमी मानी जाती है। यानी राज्य में अब तक 55 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है।
सावधानी जरूरी
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र झारखंड में भारी बारिश और वज्रपात की स्थिति बना रहा है। लोगों को घर में रहने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है।