Patna : बिहार में नई नीतीश कुमार सरकार की पहली कैबिनेट बैठक मंगलवार को होने जा रही है। इस बैठक को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उम्मीद है कि सरकार अपने चुनावी वादों से जुड़े बड़े मुद्दों जैसे रोजगार बढ़ाना, पलायन रोकना और प्रशासनिक सुधार पर महत्वपूर्ण फैसले ले सकती है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित सभी 26 मंत्री बैठक में शामिल होंगे। बैठक में विशेष विधानसभा सत्र बुलाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। इसे देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रोक दी हैं और पूरे जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इससे पहले सोमवार को कई मंत्रियों ने शुभ मुहूर्त में अपने विभागों का कार्यभार संभाला। बिजेंद्र यादव को शराबबंदी विभाग, सुरेंद्र मेहता को पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, संजय सिंह टाइगर को श्रम संसाधन विभाग और विजय सिन्हा को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मिला। शनिवार को भी कई मंत्रियों ने पदभार ग्रहण किया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि पहली कैबिनेट बैठक से साफ संदेश जाएगा कि सरकार रोजगार सृजन, स्वरोजगार योजनाओं और उद्योग-व्यापार को बढ़ावा देने पर तेजी से काम करना चाहती है। इसके साथ ही पलायन रोकने और डिजिटल व भूमि सुधारों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशासन की बढ़ी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के बीच होने वाली यह बैठक नई सरकार की दिशा और नीतियों की झलक पेश करेगी। उम्मीद है कि इससे विकास, रोजगार और बेहतर प्रशासन की राह मजबूत होगी।

