Jamshedpur: शहर में एक बार फिर अपराधियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की है। मंगलवार शाम परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में रवि नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रवि अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी बाइक पर सवार दो-तीन हमलावर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उस पर गोलियां चला दीं। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगते ही रवि जमीन पर गिर पड़ा, और उसे तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेर लिया। पुलिस ने चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसका आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also read:सोनारी में महिला से सोने की चेन की छिनतई, CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश जारी…