Ranchi : नवरात्र के पावन अवसर पर राष्ट्रीय युवा शक्ति द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें रांची शहर को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक में यह तय किया गया कि नवरात्र के दौरान, जब लाखों श्रद्धालु माता रानी के दर्शन हेतु रांची की सड़कों पर निकलेंगे, तब संगठन के सदस्य हाथों में जागरूकता की तख्तियां लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर रात्रि भ्रमण करेंगे।
बैठक में यह गंभीर चिंता जताई गई कि रांची का युवा वर्ग विशेषकर 12 से 25 वर्ष की आयु के किशोर एवं युवक तेजी से चरस, गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर व इंजेक्शन जैसे नशे की चपेट में आ रहे हैं। यह स्थिति आने वाले समय में समाज के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है।
संगठन के सदस्यों ने यह भावुक अपील की कि, “माता-पिता संतान की कुशलता के लिए मंदिर-मंदिर माथा टेकते हैं, लेकिन वही संतान नशे की गर्त में जा रही है। अब समय आ गया है कि हम सभी माता रानी के इस पावन पर्व पर एकजुट होकर यह संकल्प लें कि रांची को नशे से बचाना है।”

इस अभियान के तहत, माता के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं से जागरूकता फैलाने की अपील की जाएगी और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
आज की बैठक में संगठन के कई सक्रिय सदस्य मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से शैलेश नंद तिवारी, वीरेंद्र गोप, उमेश साहू, सोनू गुप्ता, नितेश वर्मा, आर्यन मेहता, रोहित यादव, हिमांशु लाल, अजीत गुप्ता, अनुराग तिर्की और मन्नू चौधरी शामिल थे।
Also Read : बागबेड़ा पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो युवक हथियार संग गिरफ्तार…