Ranchi : हरमू मैदान में आयोजित राष्ट्रीय हस्तशिल्प एक्सपो ने रांची को देश की विविध कला और संस्कृति का केंद्र बना दिया है। इस मेले में तमिलनाडु, तेलंगाना, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक के कलाकारों की भागीदारी ने एक्सपो को “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का रूप दे दिया है। रांची में यह हैंडलूम एक्सपो 24 नवंबर तक चलेगा। आयोजन का उद्देश्य हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है और स्थानीय कारीगरों को मंच देना है।
मेले में झारखंड की तसर सिल्क, डोकरा कला, बांस और लकड़ी के उत्पादों के साथ-साथ अन्य राज्यों की खास कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं। स्टॉलों पर खादी और हैंडलूम के परिधान, पारंपरिक फर्नीचर, घरेलू वस्तुएं, सजावटी सामान, बच्चों के खिलौने और स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हैं।

इस एक्सपो में मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए झूले और फूड लवर्स के लिए फूड कोट की व्यवस्था है। कलाकारों का कहना है कि रांची के लोग कला और हस्तशिल्प के प्रति जागरूक हैं और उनकी कारीगरी की सराहना कर रहे हैं।
आयोजक समिति ने बताया कि यह मेले कारीगरों को आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ उनकी कला को नई पहचान दिलाने का भी अवसर प्रदान कर रहा है। 20 दिवसीय इस मेले में भारतीय संस्कृति और सांस्कृतिक एकता का संदेश साफ दिखाई दे रहा है।

