Pakur : मूसलाधार बारिश से भीगती रात के सन्नाटे में हुई मकबुल शेख की हत्या का खुलासा पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर कर दिया है। इस हत्याकांड में दो संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों के नाम ललन शेख उर्फ सादिरुल शेख और दनारुल शेख बताये गये। ललन शेख रिश्ते में दनारुल शेख का बेटा है। दोनों पाकुड़ के लखनपुर के रहने वाले हैं। दोनों के पास से पुलिस ने एक पिस्टल और पांच राउंड गोलियां जब्त की है। इस बात का खुलासा पाकुड़ की पुलिस कप्तान निधि द्विवेदी ने किया किया है।
एसपी निधि ने मीडिया को बताया कि बीती रात साढ़े आठ बजे के आसपास पत्थर कारोबारी करीब 55 साल के मकबुल शेख को गोली मार दी गयी थी। अस्पताल ले जाने के दरम्यान मकबुल की मौत हो गयी थी। वारदात के वक्त जिले में भयंकर बारिश हो रही थी। वारदात के बाद इलाके में तहलका मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ SDPO की देखरेख में SIT गठित की गयी। टीम में तीन थानों की पुलिस को शामिल किया गया। गठित SIT ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। टेक्निकल सेल की मदद ली गयी और बरतल्ला पानीपोखर के पास से संदेही शूटर ललन शेख उर्फ सादिरुल शेख को पुलिस ने दबोच लिया।
उसके पास से पुलिस ने एक पिसटल और गोलियां बरामद की। उसकी निशानदेही पर दनारुल शेख को गिरफ्तार किया गया। इल्जाम है कि दोनों बाप-बेटों ने मिलकर मकबुल शेख को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को दिये अपने बयान में दोनों ने खुलासा किया कि दनारुल शेख और मकबूल शेक के बीच पहले से अदावत चली आ रही थी। यह अदावत साल 2023 में मुखिया के चुनाव को लेकर हुई थी। उस वक्त दोनों पक्षों में बहसा-बहसी से लेकर मारधाड़ तक हुआ था। उस मामले में चार्जशीट हो चुकी है। उसी वक्त से ललन शेख और उसके बाप दनारुल शेख ने पत्थर कारोबारी मकबुल शेख को रास्ते से हटाने का खतरनाक इरादा बना लिया था। दोनों ने अपने नापाक इरादे को बीते शुक्रवार की रात अंजाम देने की प्लानिंग कर ली।

तय प्लानिंग के अनुसार जब मकबुल शेख चाय पीकर घर वापस लौट रहा था, तब उसे पीछे से गोली मार दी गयी। मूसलाधार बारिश में इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया था। वहीं, एसपी निधि द्विवेदी के नेतृत्व में पाकुड़ पुलिस ने भी मूसलाधार बारिश के बीच ताबड़तोड़ छापेमारी कर यह उम्दा कामयाबी हासिल की।

