Ramgarh : स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के संस्कार भोज में आज राज्यभर से लाखों लोग शामिल हुए और अपने आदरणीय गुरु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि कठिन परिस्थितियों में लोगों का समर्थन उन्हें और उनके परिवार को हमेशा संबल देता रहेगा।
संस्कार भोज में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, अनेक केंद्रीय और राज्य मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री तथा अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए। सभी ने गुरु जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु जी का जीवन संघर्ष और त्याग की मिसाल था। उन्होंने हमेशा आदिवासी चेतना और झारखंड के विकास के लिए काम किया। उनका नेतृत्व और आंदोलन झारखंड राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाला रहा।

संस्कार भोज के दौरान प्रशासन ने भी पूरी तैयारी के साथ व्यवस्था सुनिश्चित की। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, वाहन पार्किंग और मार्गदर्शन के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। मुख्यमंत्री स्वयं सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए थे ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लाखों आगंतुकों ने नेमरा की माटी में गुरु जी के योगदान को याद किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। लोगों का कहना था कि दिशोम गुरु जी को झारखंड की जनता कभी नहीं भूलेगी।