Ranchi : उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके कारण ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है, जो दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुक रहा है। इस मौसमीय बदलाव का असर झारखंड पर साफ दिखाई देगा।
मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 11 से अधिक जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। रांची, गुमला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, खूंटी और सरायकेला में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग का कहना है कि 5 सितंबर तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे और सभी जिलों में छिटपुट बारिश जारी रहेगी।
लोगों को आंधी और वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े न होने की चेतावनी भी दी गई है, क्योंकि इससे बड़ा हादसा हो सकता है।
बुधवार को भी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर दिनभर बारिश हुई। रांची में 5.8 मिमी, जमशेदपुर में 8.4 मिमी, चाईबासा में 4.1 मिमी और लातेहार में 12.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पश्चिम सिंहभूम के सोनुआ में 65.6 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान करीब पांच डिग्री तक बढ़ सकता है।