Johar Live Desk : हम रोज गेहूं के आटे की रोटी खाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसमें प्रोटीन और फाइबर जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है? स्वाद और मुलायम रोटी के चक्कर में हम अक्सर इसके पोषण को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती, पाचन कमजोर होता है और थकान जल्दी महसूस होती है। लेकिन चिंता न करें, कुछ आसान तरीकों से आप अपनी रोटी को पोषण का पावरहाउस बना सकते हैं।
आइए जानते हैं पांच टिप्स…
- मल्टीग्रेन आटे का कमाल : सिर्फ गेहूं के आटे की बजाय ज्वार, बाजरा, रागी, चना या जौ मिलाएं। यह रोटी के स्वाद और प्रोटीन-फाइबर की मात्रा को कई गुना बढ़ाएगा। आप घर पर ही मल्टीग्रेन आटा तैयार कर सकते हैं।
- दाल से बढ़ाएं प्रोटीन : आटे में बेसन, सत्तू या बारीक पिसी मूंग दाल मिलाएं। यह शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन बढ़ाने का शानदार तरीका है और रोटी लंबे समय तक भूख को भी नियंत्रित रखेगी।
- सब्जियों का पोषण : कद्दूकस की हुई गाजर, पालक, लौकी या बारीक कटा प्याज और धनिया आटे में मिलाएं। इससे रोटी में विटामिन, मिनरल और फाइबर बढ़ेगा। यह बच्चों को सब्जियां खिलाने का भी आसान तरीका है।
- बीजों की ताकत : अलसी, तिल या चिया सीड्स का पाउडर आटे में डालें। अलसी में ओमेगा-3 और फाइबर होता है, जो दिल और पाचन के लिए फायदेमंद है। ये बीज रोटी को और पौष्टिक बनाएंगे।
- सही आटा और गूंथने का तरीका : चोकर युक्त गेहूं का आटा चुनें। आटे को गूंथते समय पानी की जगह छाछ या दही का इस्तेमाल करें। आटे को गूंथने के बाद 15-20 मिनट ढककर रखें, इससे रोटी मुलायम और पौष्टिक बनेगी।
Disclaimer : इस लेख में दी गई जानकारी, सुझाव और सलाह केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से प्रदान की गई है।
Also Read : हजारीबाग के इस प्रखंड की छह पंचायतों में बनेंगे उप स्वास्थ्य केंद्र, जमीन निरीक्षण का काम शुरू