Ranchi : बरकाकाना-टाटानगर रेल रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल अंतर्गत सुईसा और तुरांग स्टेशन के बीच जल्द ही नया रंगामाटी हॉल्ट स्टेशन बनाया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने इसके निर्माण को मंजूरी दे दी है। रांची रेल मंडल की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद अब इस परियोजना का रास्ता साफ हो गया है। इस फैसले से रंगामाटी और आसपास के गांवों में रहने वाले हजारों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। अब उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए दूर-दराज के स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि उनके क्षेत्र में ही रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
स्थानीय लोग लंबे समय से रंगामाटी क्षेत्र में रेलवे हॉल्ट बनाने की मांग कर रहे थे। इलाके के लोगों का कहना था कि स्टेशन की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें कई किलोमीटर दूर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद अब उनकी यह मांग पूरी होती नजर आ रही है। नए हाल्ट स्टेशन के बनने से सबसे ज्यादा लाभ दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों को मिलेगा। रोजाना सफर करने वाले लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। बरकाकाना-मुरी सेक्शन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों का लाभ अब स्थानीय लोग सीधे उठा सकेंगे। वर्तमान में इस रूट पर हटिया-आदित्यपुर मेमू और बरकाकाना-टाटानगर पैसेंजर ट्रेन का परिचालन हो रहा है। भविष्य में इन ट्रेनों का ठहराव रंगामाटी हाल्ट पर भी सुनिश्चित किया जा सकता है।
8.17 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
रेलवे की योजना के मुताबिक रंगामाटी हॉल्ट स्टेशन के निर्माण पर करीब 8.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां लगभग 450 मीटर लंबा हाई लेवल प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में सुविधा होगी। यह प्लेटफॉर्म इतना लंबा होगा कि करीब आठ कोच वाली ट्रेन आसानी से यहां रुक सकेगी। इसके अलावा यात्रियों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
क्या होता है हॉल्ट स्टेशन
हॉल्ट स्टेशन रेलवे का छोटा ठहराव केंद्र होता है, जहां चुनिंदा ट्रेनों का स्टॉपेज दिया जाता है। यहां आमतौर पर प्लेटफॉर्म, टिकट सुविधा, प्रतीक्षालय और यात्रियों के लिए अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे स्टेशन खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए बनाए जाते हैं, ताकि लोगों को छोटी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रंगामाटी हॉल्ट स्टेशन बनने से सिर्फ रेल यात्रियों को ही फायदा नहीं होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। आसपास के गांवों के लोगों की बाजारों तक पहुंच आसान होगी। छात्रों को शिक्षा संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि रेलवे की यह पहल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
रेलवे ने क्या कहा
रांची रेल मंडल की डीआरएम करुणा निधि सिंह ने कहा कि रंगामाटी हॉल्ट स्टेशन की स्वीकृति स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्टेशन बनने से ग्रामीण क्षेत्रों और दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को बेहतर और सुगम रेल सुविधा उपलब्ध कराना है।
Also Read : पलामू में लापता युवक का सुराग नहीं, आज फिर उतरेगी NDRF


