Ranchi : झारखंड के कई जिलों में आज कड़ाके की ठंड से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। सोमवार को मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन 25 नवंबर से फिर से तेज ठंडी हवा और तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में शीतलहर चलने की भी संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, आज का मौसम लगभग कल जैसा ही रहने वाला है। सुबह हल्का कोहरा, दोपहर में धूप और शाम को गुलाबी ठंड महसूस होगी। न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री तक की कमी दर्ज हो सकती है, जिससे शाम के समय ठंड थोड़ी तेज महसूस होगी।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
राज्य के महत्वपूर्ण शहरों में जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 14 डिग्री दर्ज किया गया, और यहां AQI 254 रहा। पलामू में तापमान 28/11 डिग्री और AQI 190 रहा। रांची का तापमान 25/12 डिग्री और AQI 222, धनबाद में 28/13 डिग्री के साथ AQI 206 और बोकारो में 27/14 डिग्री तापमान के साथ AQI 200 दर्ज किया गया। (ये सभी आंकड़े सोमवार के हैं।)

ठंडी हवा से बढ़ेगी परेशानी
पिछले चार दिनों से न्यूनतम तापमान बढ़ने के कारण लोगों को शाम और रात में कुछ राहत मिली थी, लेकिन दिन में ठंडी हवा अब भी परेशान कर रही है। कल से हवा और ज्यादा ठंडी होने की संभावना है, क्योंकि हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो चुकी है और वहीं की ठंड यहां की हवाओं में महसूस की जा रही है।
हल्की फुहार की संभावना
मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण आसमान में आंशिक बादल बने रहेंगे। इससे दक्षिणी जिलों में बहुत हल्की फुहार पड़ सकती है, हालांकि यह बारिश बेहद कम होगी और इससे खास असर नहीं पड़ेगा। बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
Also Read : झारखंड को आज मिलेगा पहला कॉमर्शियल फ्लाइंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, CM करेंगे शुभारंभ

