Ranchi : झारखंड में कड़ाके की सर्दी दस्तक देने लगी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, धनबाद, पलामू, गढ़वा और लातेहार में ठंड का असर ज्यादा दिखेगा।
25 से 29 नवंबर तक सुबह के समय घना कोहरा या धुंध छाने की संभावना है। फिलहाल अधिकतम तापमान लगभग 24°C और न्यूनतम 10°C से 12°C के बीच है, लेकिन 27 नवंबर को तापमान 9°C तक पहुंच सकता है। राजधानी रांची में भी 25 से 29 नवंबर के दौरान कोहरा और बादल छाए रहने के साथ सुबह की ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 23°C से 24°C और न्यूनतम 9°C से 12°C रहेगा। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को ठंड और बढ़ सकती है।
उत्तरी छोटानागपुर और मध्य झारखंड में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की जाएगी। चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार जैसे जिलों में पारा 8°C से 9°C तक जा सकता है। वहीं, रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ और गुमला में भी न्यूनतम तापमान 9°C से 12°C के बीच रहेगा।

उत्तर-पूर्वी झारखंड का गोड्डा जिला इस दौरान सबसे गर्म रह सकता है, जहां अधिकतम तापमान 28°C से 30°C तक पहुंचने का अनुमान है। जबकि धनबाद, देवघर और दुमका में न्यूनतम तापमान 12°C से 14°C तक रहेगा।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतें, गर्म कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

