Ranchi : झारखंड ने वित्तीय प्रबंधन के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नीति आयोग की ओर से जारी वित्तीय वर्ष 2023-24 के Fiscal Health Index में राज्य ने देश के शीर्ष तीन राज्यों में जगह बनाई है। इस प्रदर्शन के आधार पर झारखंड को ‘Achiever’ श्रेणी में रखा गया है। इस सूची में ओडिशा और गोवा भी शामिल हैं।
राज्य की इस सफलता के पीछे सरकार का वित्तीय अनुशासन और आय बढ़ाने की रणनीति अहम रही। झारखंड ने अपने कुल राजस्व में टैक्स से मिलने वाली आय का हिस्सा 60 प्रतिशत से अधिक बनाए रखा। इसके साथ ही गैर-कर राजस्व बढ़ाने की दिशा में भी बेहतर काम किया गया। सरकार ने वित्तीय घाटे को भी तय सीमा के भीतर रखा और Fiscal Deficit को GSDP के 3 प्रतिशत से नीचे बनाए रखने में सफलता हासिल की।
वहीं, विकास कार्यों पर भी लगातार ध्यान दिया गया। राज्य ने पूंजीगत खर्च को GSDP के लगभग 4 से 5 प्रतिशत के स्तर पर बनाए रखा, जिससे सड़क, भवन और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिली। कर्ज प्रबंधन के मोर्चे पर भी झारखंड की स्थिति मजबूत रही। राज्य का कुल कर्ज GSDP के 25 प्रतिशत से कम रहा और ब्याज भुगतान का बोझ भी नियंत्रित रखा गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रदर्शन आने वाले वर्षों में राज्य के विकास को और मजबूती देगा।
Also Read : हिमांशु सिंह ह’त्याकांड में एक और अधिकारी पर गिर सकती है गाज, जानें कौन है वो…

