Ranchi : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस आलाकमान ने चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने और पार्टी की रणनीति को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
कांग्रेस नेतृत्व की ओर से जारी निर्देश के अनुसार दोनों वरिष्ठ नेता राज्यसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे और पार्टी विधायकों के साथ समन्वय बनाकर चुनावी रणनीति को सफल बनाने का काम करेंगे। उनकी जिम्मेदारी यह भी होगी कि मतदान के दौरान पार्टी की एकजुटता बनी रहे और सभी विधायक पार्टी के निर्देशों का पालन करें।
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है। चुनाव की घोषणा के बाद से ही राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। महागठबंधन के भीतर उम्मीदवारों को लेकर चर्चा और दावेदारी का दौर जारी है। कांग्रेस द्वारा अपने उम्मीदवार की घोषणा के बाद राजनीतिक समीकरणों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भूपेश बघेल कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। संगठन और चुनाव प्रबंधन में उनकी भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं अजय शर्मा भी लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं और चुनावी प्रबंधन में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

Also Read : 50 लाख की लेवी वसूलने पहुंचे PLFI के दो सदस्य धराए, रांची पुलिस ने बिछाया था जाल


