Jamtara : जामताड़ा में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। SP शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना केआधार पर DSP (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और शेखपुरा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर दो साइबरअपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं। मौके से कुल 9 मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी सामान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे थे और इनका इस्तेमाल अलग-अलग लोगों को फंसाने के लिए किया जाता था।
साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं काम कर रहा है और ये लोग किस-किस तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। प्राथमिक जांच में साइबर फ्रॉड के कई लिंक सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जामताड़ा में साइबर अपराध पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। लगातार अभियान चलाकर साइबर ठगों के नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि साइबर ठगी को रोका जा सके।
Also Read : 12 साल के शीतल की कुएं में मिली ला’श, रविवार से था लापता

