Jamshedpur : जमशेदपुर में छठ महापर्व की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सूर्य मंदिर समिति ने इस बार भी भव्य आयोजन की व्यवस्था की है। समिति ने 1100 जरूरतमंद व्रतियों को मुफ्त पूजन सामग्री देने का ऐलान किया है। शहर में छठ को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है।
26 अक्टूबर को होगा सामग्री वितरण
सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पूजन सामग्री और फलों का वितरण 26 अक्टूबर (रविवार) को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। यह वितरण पहले से आवंटित कूपन के आधार पर किया जाएगा। व्रतधारियों की सुविधा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
27 अक्टूबर को अर्घ्य और सांस्कृतिक संध्या
27 अक्टूबर (सोमवार) को दोपहर 2 बजे से सूर्य मंदिर के सभी प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। श्रद्धालु ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकेंगे। उसी दिन शाम को मंदिर परिसर के शंख मैदान में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध लोक गायिका डिंपल भूमि और मानवी सिंह अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

छठ घाटों पर स्वच्छ जल की व्यवस्था
इस अवसर पर ओडिशा के पूर्व राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने परिवार के साथ सूर्य मंदिर के छठ घाट पर मौजूद रहेंगे और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने बुधवार को तैयारियों की समीक्षा की। समिति ने बताया कि दोनों छठ घाटों पर स्वच्छ और निर्मल जल की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को छठ का दिव्य अनुभव मिले।
समिति की अपील
सूर्य मंदिर समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे श्रद्धा, स्वच्छता और सौहार्द के साथ छठ महापर्व में शामिल हों। समिति ने इस पर्व को भव्य और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं।
Also Read : निगम प्रशासक का इंफोर्समेंट टीम को सख्त निर्देश- युद्धस्तर पर चलाया जाए अतिक्रमण हटाओ अभियान