Ranchi : रांची से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और गुजरात की राजधानी गांधीनगर के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, जिला रांची के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर दोनों राज्यों की राजधानियों के लिए डायरेक्ट ट्रेन चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे झारखंड के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में देश की अधिकांश राज्य राजधानियों को रेल नेटवर्क से जोड़ा गया था। इसके बावजूद रांची आज भी भोपाल और गांधीनगर जैसी महत्वपूर्ण राजधानियों से सीधी रेल सेवा से नहीं जुड़ पाया है। ऐसे में यात्रियों को मजबूरी में एक या दो बार ट्रेन बदलकर सफर करना पड़ता है।
सांसद और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ को भी कराया गया अवगत
महासभा ने बताया कि इस मांग को लेकर रांची के सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री संजय सेठ को भी पहले ही अवगत कराया जा चुका है। संगठन का कहना है कि यह सिर्फ एक शहर की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के यात्रियों की जरूरत है। उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी। पत्र में कहा गया है कि दुर्घटना, किसी परिजन की मृत्यु, गंभीर बीमारी या अन्य आपात परिस्थितियों में लोगों को तुरंत यात्रा करनी पड़ती है। लेकिन सीधी ट्रेन नहीं होने की वजह से उन्हें कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। इससे न सिर्फ समय ज्यादा लगता है, बल्कि यात्रियों को काफी असुविधा भी होती है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सफर बन जाता है मुश्किल
महासभा ने खास तौर पर 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों की परेशानी का भी जिक्र किया है। संगठन का कहना है कि बुजुर्ग यात्रियों के लिए एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन जाकर ट्रेन बदलना काफी कठिन होता है। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि जनहित को देखते हुए रांची से भोपाल और गांधीनगर के लिए जल्द से जल्द सीधी रेल सेवा शुरू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। संगठन का मानना है कि इस सुविधा से न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा, रोजगार और चिकित्सा के लिए यात्रा करने वाले लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
Also Read : झारखंड में मानसून ने दी दस्तक, 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

