रामगढ़ में महिला को एक साथ दे दिया गया कोरोना टीका का डबल डोज, अस्पताल में भर्ती

रामगढ़:  रामगढ़ प्रखंड मुख्यालय के विकास भवन में मंगलवार को छोटी रणबहियार पंचायत के आलूबाड़ा गांव की 55 वर्षीय महिला तारामुनी देवी को कोविशील्ड की डबल डोज पड़ गई। इसके बाद वहां मौजूद एएनएम एवं अन्य कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। इधर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में भर्ती कराया गया। हालांकि महिला की स्थिति सामान्य है। उसे किसी प्रकार की कोई असहज स्थिति का अहसास नहीं हो रहा है।

जानकारी के अनुसार आलूबाड़ा गांव की 55 वर्षीय तारामुनी देवी मंगलवार को विकास भवन वैक्सीन लेने पहुंची थी। कंप्यूटर आपरेटर द्वारा उसकी एंट्री कराने के बाद वह कुर्सी पर बैठकर वैक्सीन ली। वैक्सीन लेने के बाद भी वह काफी देर तक कुर्सी पर ही बैठी रही। इस बीच एएनएम द्वारा दूसरे लोगों को वैक्सीन देने की तैयारी के लिए सिरिंज में वैक्सीन लोड किया जाने लगा। इसके बाद वहां मौजूद एएनएम ने तारामुनी को फिर से दोबारा वैक्सीन दे दिया। इस दौरान तारामुनी ने भी कुछ नहीं कहा। जब उसे दोबारा वैक्सीन लग गया तब वहां आसपास मौजूद लोगों ने उसे बताया कि उसे दो बार वैक्सीन लग गया है। इसके बाद उसे वहां बैठाया गया। कुछ देर तक महिला का काफी पसीना भी निकला।

सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचकर महिला का हालचाल जाना। वहीं प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डा. सिसली प्रभा हेंब्रम ने कहा कि महिला की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उसे शाम तक चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि यदि गलती से किसी को डबल डोज वैक्सीन पड़ जाता है तो आधा से एक घंटे के अंदर स्थिति बिगड़ सकती है अन्यथा उसे किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होती है। कहा कि गलती करने वाली संबंधित कर्मी से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा।

Exit mobile version