Godda : गोड्डा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतापपुर हटिया के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 पुड़िया में पैक 2.78 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
गोड्डा डीएसपी आकाश भारद्वाज के अनुसार बीते एक जून को दोपहर करीब 12 बजे एसपी मुकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली कि खटनई और प्रतापपुर हटिया से आमड़ाकामत जाने वाली सड़क पर बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग ब्राउन शुगर का सेवन करने और उसकी खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद एसपी ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। एसपी के आदेश पर डीएसपी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने खटनई शिव मंदिर और प्रतापपुर हटिया के आसपास छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान प्रतापपुर हटिया के पास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल तीन लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खटनई निवासी सत्यजीत पासवान (19 वर्ष), गौरव कुमार (22 वर्ष) और बालमुकुंद साह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से 20 पुड़िया में पैक 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा एक पैकेट सिगरेट और एक माचिस की डिब्बी भी जब्त की गई। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनके पास ब्राउन शुगर कहां से पहुंच रही थी और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हुए हैं। डीएसपी का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
Also Read : मजदूरी नहीं मिलने पर फूटा मजदूरों का गुस्सा, एचआर मैनेजर से की मारपीट


