Ranchi : झारखंड सीआईडी के आईजी मनोज कौशिक ने मंगलवार को राज्य साइबर क्राइम थाना, 1930 साइबर हेल्पलाइन, डायल-112, संयुक्त साइबर अपराध समन्वय टीम और फिंगर प्रिंट ब्यूरो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ डीआईजी चंदन झा, एसपी एहतेशाम वकारिब और डीएसपी सह थानेदार नेहा बाला मौजूद थीं। आईजी कौशिक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली और विभिन्न इकाइयों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने साइबर अपराध से जुड़ी चुनौतियों और तकनीकी जरूरतों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 1930 साइबर हेल्पलाइन और डायल-112 सेवा राज्य के नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।
आईजी मनोज कौशिक ने सभी कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने और साइबर अपराधों की रोकथाम में दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में पुलिस कर्मियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना बेहद जरूरी है ताकि अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Also Read : IAS विनय चौबे अब हजारीबाग लैंड स्कैम में फंसे, ACB ने किया गिरफ्तार

