Johar Live Desk : ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में पहली बार भारत और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगे। भारत दो बार (2005, 2017) वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुकी है, जबकि दक्षिण अफ्रीका के लिए यह पहली फाइनल उपस्थिति है।
भारत का मनोबल मजबूत है। सेमीफाइनल में भारत ने 339 रनों का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हराया था। टीम के लिए स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स मुख्य बल्लेबाज होंगी। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और श्री चरणी टीम की ताकत हैं। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट सबसे बड़ा खतरा हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 169 रन बनाए थे। गेंदबाजी में मारिजैन कप्प और नॉनकुलुलेको म्लाबा चुनौती पेश करेंगे।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 34 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 20 और दक्षिण अफ्रीका ने 13 मैच जीते हैं। फाइनल मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव दिखाया जाएगा और जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। साथ ही डीडी स्पोर्ट्स पर भी फ्री प्रसारण होगा। टीम इंडिया के लिए यह मौका ऐतिहासिक है। अगर भारत दक्षिण अफ्रीका को हराता है, तो यह उसका पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब होगा।

Also Read : थाने से कुछ ही दूरी पर चोरों का तांडव, चंचला ज्वेलर्स से 15 लाख की चोरी

