Ranchi : झारखंड में जून महीने में रिकॉर्डतोड़ बारिश दर्ज की गई है। IMD ने आगामी दिनों में और भी अधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 2 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
10 जिलों में ऑरेंज, 4 में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, गढ़वा, कोडरमा, गिरिडीह और बोकारो में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। यह खराब मौसम 3 जुलाई तक बना रह सकता है।
जून की बारिश ने तोड़े रिकॉर्ड
इस बार जून में झारखंड ने पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की है :
- रांची में अब तक 500 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है।
- लातेहार, रामगढ़ और लोहरदगा में 400 मिमी से ज्यादा बारिश हुई।
- खूंटी, गुमला, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में 300 मिमी से ऊपर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
कुल 11 जिलों में बारिश का आंकड़ा 300 मिमी के पार चला गया है, जो सामान्य से काफी अधिक है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है और खुले स्थानों पर बिजली गिरने का खतरा हो सकता है। प्रशासन ने भी जरूरी इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं।
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 30 JUNE 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल