Bokaro (Manoj Sharma) : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को बोकारो सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि कोडरमा सदर अस्पताल के बाद बोकारो सदर अस्पताल झारखंड में दूसरा सबसे अच्छा अस्पताल है। यहां रोजाना 5-6 ऑपरेशन होते हैं और मरीजों की संख्या भी काफी है।
जल्द शुरू होंगी नई सुविधाएं
मंत्री ने ऐलान किया कि बोकारो सदर अस्पताल में जल्द ही सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा शुरू की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों में बढ़ते डिप्रेशन और आत्महत्या के मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसके पीछे मोबाइल की लत और नशा बड़ा कारण है। इसे रोकने के लिए DC और सिविल सर्जन के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
डॉक्टरों को संसाधन का वादा
डॉ. अंसारी ने डॉक्टरों से कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों, लैब टेक्नीशियनों और अन्य स्टाफ की जरूरतों की सूची तैयार करें। सरकार हर संभव संसाधन मुहैया कराएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि डॉक्टरों के साथ बुरा बर्ताव न करें, क्योंकि इससे मरीजों के इलाज में रुकावट आती है।
विपक्ष को चेतावनी
स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष को नसीहत दी कि स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि बोकारो सदर अस्पताल राज्य के टॉप अस्पतालों में से एक है और सरकार इसे और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Also Read : धनबाद में एक ही रात 8 घरों में सेंधमारी, इलाके में हड़कंप
Also Read : पत्थर लोडेड ट्रक ने 7 वर्षीय मासूम को कुचला, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम