Dumka : झारखंड के दुमका जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने नाली का गंदा पानी बहाने को लेकर हुए विवाद के चलते तलवार से एक महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसके पति को भी बेतरह जख्मी कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को नगर थाना दुमका में पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक की शिनाख्त मनोज कुमार की पत्नी विमला देवी (50 वर्ष) के रूप में की गई है।
क्या है पूरा मामला?
घटना दुमका नगर थाना क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे बसे केवटपाड़ा मोहल्ले की है। यहां सरकारी शिक्षक मनोज कुमार सिंह अपनी पत्नी विमला देवी और बेटी जूही कुमारी के साथ रहते हैं। उनके घर के सामने हजारीबाग में तैनात ASI लालचंद साह का परिवार रहता है। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से नाली के गंदे पानी और कचरा फेंकने को लेकर विवाद चल रहा था।
बुधवार देर शाम विमला देवी ने पड़ोसी द्वारा सड़क पर गंदा पानी बहाने का विरोध किया। इसी बात पर ASI के बेटे फूलचंद साह उर्फ छोटू (25 वर्ष) ने गुस्से में घर से तलवार निकाल ली। इस बीच मनोज कुमार सिंह भी बाजार से लौट आए। छोटू ने तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे विमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई और मनोज कुमार सिंह का हाथ कट गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और उन्होंने तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी छोटू ने तलवार सहित आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि गुस्से में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घायल मनोज कुमार सिंह को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
मृतका की बेटी सदमे में
घटना के समय मृतका की बेटी जूही kumari, जो B.Ed के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है, घर के अंदर थी। पड़ोसियों ने उसे सहारा देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जूही ने बताया कि पड़ोसी अक्सर गंदा पानी और कचरा फेंकने को लेकर माता-पिता से विवाद करते थे। इस घटना से वह पूरी तरह डरी हुई है।
नगर थाना प्रभारी ने दी जानकारी
नगर थाना प्रभारी नंदकिशोर प्रसाद ने मीडिया को बताया कि नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में एक महिला की हत्या कर दी गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हैं। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Also Read : लखनऊ में चलती बस में लगी आ’ग, पांच की मौ’त