Pakur : पाकुड़ के राजापाड़ा क्षेत्र के दुबेपाड़ा स्थित प्राचीन जगतधात्री मंदिर में गुरुवार को माता जगतधात्री की पूजा-अर्चना वैदिक परंपरा के अनुसार आयोजित की गई। कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी तिथि पर इस विशेष पूजा में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
पूजा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन के साथ हुआ। मंदिर के मुख्य पुरोहित बापी दुबे और झुमका मिश्रा ने वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच माता जगतधात्री की पूजा संपन्न कराई। भक्तों ने पुष्पांजलि अर्पित कर सुख, शांति, समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। परंपरा के अनुसार इस अवसर पर सफेद कुम्हड़े की बलि दी गई।
मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। समिति के सदस्य पापन दुवे, अमित दुवे, संदीप पांडे, निशांत ओझा और अमित चौबे ने व्यवस्था संभाली।

मां जगतधात्री की यह पूजा तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें विशेष आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह पूजा राजापाड़ा क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है।
Also Read : 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ा युवक, नशे में उठाया खतरनाक कदम

