
palamu : पलामू जिले की नौडीहा बाजार पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो गांव-गांव घूमकर महिलाओं को जेवर साफ करने का झांसा देता था और फिर उनके कीमती गहने लेकर फरार हो जाता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सभी छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी प्रभावित बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह दो-दो लोगों की टोली बनाकर ग्रामीण इलाकों में घूमता था। पहले लोगों का भरोसा जीतता था और फिर उन्हें ठगी का शिकार बनाता था।
ऐसे करते थे ठगी का खेल
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ प्रशांत प्रसाद ने बताया कि गिरोह का तरीका काफी शातिराना था। आरोपी खुद को जेवर साफ करने वाला बताकर घर-घर पहुंचते थे। चांदी के आभूषण साफ करने के लिए वे एक खास तरह के एसिड का इस्तेमाल करते थे। सफाई के दौरान वे चांदी का थोड़ा हिस्सा गलाकर एसिड में मिला लेते थे और बाद में उसे केमिकल प्रक्रिया के जरिए अलग कर लेते थे। वहीं सोने के आभूषणों के मामले में वे महिलाओं को बातों में उलझाकर असली जेवर गायब कर देते थे और उसकी जगह कागज में लपेटा हुआ नकली पैकेट थमा देते थे।
महिला की सतर्कता से खुली ठगों की पोल
गिरोह का भंडाफोड़ मंगलवार को हुलसी गांव में हुआ। यहां दो युवक अनीता देवी के घर पहुंचे और आभूषण साफ करने की बात कही। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने पहले चांदी की अंगूठी साफ की। अंगूठी चमकने के बाद अनीता देवी को उन पर भरोसा हो गया और उन्होंने अपना सोने का मंगलसूत्र भी साफ करने के लिए दे दिया। ठगों ने चालाकी दिखाते हुए असली मंगलसूत्र छिपा लिया और महिला को एक पाउडर का पैकेट देकर कहा कि कुछ देर बाद इसे खोलना। लेकिन अनीता देवी को शक हो गया। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और दोनों युवकों को रोक लिया।
तलाशी में मिला असली मंगलसूत्र
ग्रामीणों की मौजूदगी में जब दोनों युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास से महिला का असली मंगलसूत्र बरामद हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार, राहुल कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। ये तीनों बिहार के सुपौल जिले के जदिया बाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वहीं प्रभु कुमार शाह, रोहन कुमार और अक्षय कुमार बिहार के अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के मटियारी गांव के निवासी हैं। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाला सफेद पाउडर, एसिड (तेजाब), लोहे का कटर, एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आशंका जताई जा रही है कि गिरोह ने अन्य जिलों और राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया होगा।
लोगों से सावधान रहने की अपील
एसडीपीओ प्रशांत प्रसाद ने लोगों से अपील की है कि वे अज्ञात लोगों के झांसे में आकर अपने कीमती आभूषण किसी को न सौंपें। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति घर आकर जेवर साफ करने या किसी अन्य सेवा के नाम पर लालच देता है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही मकान मालिकों से भी कहा गया है कि वे बाहरी लोगों को कमरा किराये पर देने से पहले उनका पुलिस सत्यापन और पहचान पत्र की जांच जरूर कर लें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

