जमीन विवाद में चली गोली, बेखौफ बदमाशों ने फैलाई दहशत

चतरा। इटखोरी थाना क्षेत्र के रोमी गांव में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर में गोली चलाकर दहशत फैला दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली दरवाजे पर रखें कुर्सी को छेदती हुई दीवार से जा टकराई। जानकारी के अनुसार पीड़ित रोमी गांव निवासी रंजीत सिंह बीती रात अपने परिवार के साथ घर पर सोए हुए थे। रात्रि करीब 11 बजे बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे तथा उनके दरवाजे पर गोली चला दी। गोली चलाने के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए।

पीड़ित रंजीत सिंह का कहना है कि इटखोरी थाना क्षेत्र के परोका (मडवा) में उसकी जमीन है जिसको लेकर दूसरे पक्ष के लोग उसे हड़पना चाहते हैं , उक्त जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। बुधवार को परोका निवासी एक युवक के साथ उसका झगड़ा हुआ था। इस सम्बंध में उन्होंने थाना में आवेदन भी दिया था। आशंका जाहिर की जा रही उक्त जमीन को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से दहशत फैलाने के लिए गोली चलवाई गई है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

Exit mobile version