New Delhi : दिल्ली पुलिस ने जासूसी और फर्जी पासपोर्ट रैकेट चलाने के आरोप में 59 वर्षीय मोहम्मद आदिल हुसैनी को गिरफ्तार किया है। वह कई नामों से जाना जाता है, जैसे सैयद आदिल हुसैन और नसीमुद्दीन। पुलिस ने उसे दो दिन पहले सीमापुरी इलाके से पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, आदिल विदेश में रहने वाले एक परमाणु वैज्ञानिक के संपर्क में था। वह पाकिस्तान सहित कई देशों की यात्रा कर चुका है। उसने जाली कागजातों से एक संवेदनशील संस्थान के तीन पहचान पत्र हासिल किए थे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रमोद सिंह कुशवाह ने बताया कि आदिल झारखंड के जमशेदपुर (टाटा नगर) का रहने वाला है। वह और उसका भाई अख्तर हुसैनी विदेशों को गोपनीय जानकारी देने और फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पासपोर्ट बनाने में शामिल थे। पूरा रैकेट जमशेदपुर से चल रहा था।
पुलिस ने आदिल के पास से एक असली और दो फर्जी पासपोर्ट बरामद किए हैं। उसे 26 अक्टूबर को आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मुंबई पुलिस ने आदिल के भाई अख्तर को भी पकड़ा है, जो खाड़ी देशों की यात्रा कर चुका था। पुलिस जांच कर रही है कि इस गिरोह ने कितने लोगों को फर्जी पासपोर्ट दिए। अभी आदिल से पूछताछ जारी है।

Also read : जामताड़ा में खुलेआम फेंके गए हजारों इस्तेमाल हुए ब्लड सैंपल, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही उजागर

