Ranchi : धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की वार्षिक रथयात्रा 27 जून (शुक्रवार) को निकाली जाएगी। रथयात्रा से एक दिन पूर्व गुरुवार को संध्या 4 बजे से नेत्रदान महोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान भगवान को नेत्र श्रृंगार कर भव्य रूप में दर्शन मंडप में लाया जाएगा।
प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने बताया कि 15 दिन के एकांतवास के बाद भगवान अब भक्तों को दर्शन देंगे। इस अवसर पर पुजारी रामेश्वर पाढ़ी, कौस्तुभ मिश्रा, सरयू मिश्रा और श्रीराम महंती धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। भगवान को विशेष वस्त्र पहनाए जाएंगे और उन्हें शंख व पद्म धारण कराया जाएगा। 108 दीपों की आरती के बाद उन्हें मालपुआ, इलायची, बादाम, आम, कटहल और अनानस का भोग अर्पित किया जाएगा। हज़ारों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण होगा।
रथयात्रा और मेला आकर्षण का केंद्र
शुक्रवार सुबह 5 बजे से पूजन शुरू होगा और दोपहर 2 बजे तक दर्शन होंगे। इसके बाद भगवान रथ पर सवार होकर मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ भी होगा।
41.2 एकड़ में फैले मेले में 3000 से अधिक दुकानें सज चुकी हैं। बच्चों और बड़ों के लिए झूले, जैसे मौत का कुआं, राम झूला, मून एंड स्टार, डोरेमोन आदि मुख्य आकर्षण रहेंगे। मंदिर और रथ को फूलों व लाइटिंग से सजाया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मंदिर समिति और प्रशासन ने सुरक्षा के लिए 100 गार्ड, ड्रॉप गेट, बैरियर और स्वयंसेवकों की मदद से व्यापक प्रबंध किए हैं।
Also Read : SCO बैठक में शामिल हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह