Ranchi : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने सात गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। इन दलों को अपने अस्तित्व और कार्यप्रणाली से जुड़े शपथ पत्र व साक्ष्य जमा करने को कहा गया है।
किन दलों को नोटिस?
नोटिस प्राप्त करने वाले दल हैं :
- झारखंड की क्रांतिकारी पार्टी (रांची)
- झारखंड पार्टी (सेक्युलर) (रांची)
- लोक जन विकास मोर्चा (रांची)
- राष्ट्रीय देशज पार्टी (रांची)
- राष्ट्रीय संगाइल पार्टी (रांची)
- झारखंड पीपल्स पार्टी (पूर्वी सिंहभूम)
- राष्ट्रीय जनक्रांति मोर्चा (चतरा)
नियम तोड़ने का आरोप
इन दलों ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों (2021-22, 2022-23, 2023-24) के वार्षिक अंकेक्षित खाते समय पर आयोग को नहीं सौंपे। साथ ही, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हिस्सा लेने के बावजूद व्यय विवरणी समय पर (विधानसभा के 75 दिन और लोकसभा के 90 दिन के भीतर) जमा नहीं की। यह जन प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 के उल्लंघन में आता है।

जवाब और सुनवाई की तारीख
दलों को 9 अक्टूबर तक शपथ पत्र के साथ अपना पक्ष लिखित में देना होगा। इसके बाद 16 अक्टूबर को रांची के सीईओ कार्यालय में सुनवाई होगी। यदि कोई दल जवाब नहीं देता, तो उसे निष्क्रिय मानकर आयोग को सूचित किया जाएगा।
Also Read : पूर्व महालेखाकार और कांग्रेस नेता बेंजामिन लकड़ा का निधन, रांची में ली अंतिम सांस